दशहरे पर मोदी सरकार की ईमानदार करदाताओं को बड़ी सौगात

Monday, Oct 07, 2019 - 07:24 PM (IST)

नई दिल्ली : आकलन प्रक्रिया में ज्यादा दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए फेसलेस यानी गुप्त ई आकलन की शुरुआत करने वाला आयकर विभाग का राष्ट्रीय ई निर्धारण केन्द्र काम करने लगा है। राजस्व सचिव अजय भूषण पांडेय ने सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में इस केन्द्र का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे आयकर विभाग के लिए गौरव की बात और बहुत बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि बहुत कम समय में विभाग ने इस केन्द्र को शुरू कर दिया है। 


उन्होंने कहा कि इस केन्द्र की शुरुआत के साथ ही आयकर विभाग फेसलेस ई आंकलन की शुरुआत कर दी है जिससे आंकलन प्रक्रिया में दक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी आएगी। उन्होंने कहा कि अब आय करदाताओं और आयकर अधिकारियों के बीच सीधा संपर्क नहीं होगा। इस मौके पर केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष प्रमोदी चंद मोदी ने कहा कि पहले चरण में 58322 मामलों को ई आंकलन स्कीम 2019 के लिए चयन किया गया है। इसके लिए 30 सितंबर से पहले ही ई नोटिस जारी कर दिया गया था। आय करदाताओं को अपने पंजीकृत ई मेल/ ऑनलाइन रिटर्न फाइलिंग को चेक करने की सलाह दी गई है और 15 दिनों के भीतर जबाव देने के लिए कहा गया है।


उन्होंने कहा कि नेशनल ई-एसेसमेंट केंद्र यानी राष्ट्रीय ई-निर्धारण केंद्र (एनईएसी) की स्थापना आयकर विभाग का बेहतर करदाता सेवा के उद्देश्य, करदाता की शिकायतों के निवारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह डिजिटल इंडिया के द्दष्टिकोण और कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देने के अनुरूप उठाया गया है। इसका मुख्यालय राजधानी दिल्ली में है जबकि आठ मुंबई, चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरू में क्षेत्रीय केन्द्र बनाए गए हैं।

shukdev

Advertising