उत्तराखंड की किस्मत का फैसला और अंतरिक्ष के सफर पर भारत की बेटी, आज इन खबरों पर देश की नजर

Saturday, Jul 03, 2021 - 11:08 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  उत्तराखंड के लिए आज का दिन काफी खास है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी अगले नेता का चुनाव करेगी। इसके अलावा भारतवंशी बेटी अंतरिक्ष की सैर कर देश का नाम रोशन करने जा रही है। वहीं आज दिल्ली के मौसम में बदलाव की संभावना है, जिसे लेकर लोगों ने राहत की सांस ली। इसी तरह की बड़ी और दिलचस्प खबरों की जानकारी हम पल- पल आप तक पहुंचाते रहेंगे। 


अंतरिक्ष के सफर पर जाएंगी सिरिशा बांदला
भारतवंशी बेटी अंतरिक्ष की सैर करने वाली है। सिरिशा बांदला आंध्र प्रदेश के गुंटूर की रहने वाली हैं। सिरिशा बांदला भारतीय मूल की दूसरी ऐसी महिला होंगी जो अंतरिक्ष के सफर पर जा रही हैं। इससे पहले कल्‍पना चावला अंतरिक्ष में गई थीं और दुर्भाग्‍यवश स्‍पेस शटल कोलंबिया की दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। 

दिल्ली में आज छाएंगे बादल 
दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि यह राहत कुछ समय के लिए हो सकती है। रविवार से अगले सप्ताह बुधवार तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और उमस लोगों की परेशानी बढायेगी।

 

भाजपा दल की बैठक आज
 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने पद से  इस्तीफा दे दिया है। अब आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक में वर्तमान विधायकों में से ही किसी को विधायक दल का नेता चुना जाएगा।  आज बुलाई गई इस बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रदेश अध्यक्ष कौशिक करेंगे जबकि केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा महासचिव व उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत गौतम मौजूद रहेंगे।  पार्टी की ओर से सभी विधायकों को शनिवार की बैठक में उपस्थित रहने की सूचना दे दी गयी है।


 कोविड-19 महामारी को लेकर डब्ल्यूएचओ  की चेतावनी 
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अधनोम घेब्रसेयस ने कहा कि लगभग 100 देशों में अधिक संक्रामक डेल्टा स्वरूप की पहचान की गई है और इसे देखते हुए दुनिया कोविड-19 महामारी के ‘‘बहुत खतरनाक दौर’’ में है। उन्होंने कहा कि डेल्टा स्वरूप विकसित और परिवर्तित हो रहा है और यह कई देशों में कोविड-19 का प्रमुख वायरस बन रहा है।


स्थिर रहे पेट्रोल-डीजल के दाम
तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.16 रुपये प्रति लीटर के अब तक के उच्चतम स्तर पर स्थिर रही। शुक्रवार को पेट्रोल 35 पैसे महँगा हुआ था। डीजल लगातार चौथे दिन 89.18 रुपये प्रति लीटर पर अपरिवर्तित रहा। 
 

vasudha

Advertising