''पाकिस्तान में हो सकती थी PM मोदी की हत्या''

punjabkesari.in Tuesday, Jan 05, 2016 - 01:07 PM (IST)

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पाकिस्तान दौरे को लेकर कई राजनीतज्ञों के बयान सामने आए है, वहीं अब जानेमाने साहित्यकार श्रीपाल सबनीस का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लाहौर में पीएम मोदी की हत्या भी हो सकती थी।

उधर, भाजपा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। 15 जनवरी को पुणे में होने वाले वार्षिक मराठी साहित्य सम्मेलन से पहले इसके अध्यक्ष सबनीस के इस बयान से प्रदेश का सियासी माहौल भी गरमा गया है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा है, सबनीस को साहित्य से जुड़ी बातों पर ही अपनी टिप्पणी करना चाहिए। सबनीस साहित्य से ज्यादा मोदीजी की बातें करते हैं। भाजपा को आशंका है कि सबनीस मोदी के खिलाफ अभियान भी छेड़ सकते हैं। 2002 के गुजरात दंगों के दौरान भी उन्होंने मोदी की आलोचना की थी।      

वहीं सबनीस ने भाजपा पर जवाबी हमला बोला है। उनका कहना है कि जो लोग मुझसे सहमत नहीं हैं, उन्हें सभ्य भाषा में अपनी बात कहना चाहिए। मैं अपनी बात पर कायम हूं और इसकी कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हूं। वे चाहते हैं कि डॉ. नरेंद्र डाभोलकर और गोविंद पानसरे जैसा ही मेरा भी हश्र हो तो, मैं तैयार हूं। हालांकि उन्होंने यह सफाई भी दी कि मैंने वह बात प्रधानमंत्री के प्रति लगाव के चलते कही थी। जब मोदी लाहौर गए तो मुझे उनकी चिंता हो रही थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए