गांव के हर घर पहुंचेगा हाई स्पीड इंटरनेट, मोदी ने बताया कब तक

Saturday, Aug 15, 2020 - 11:46 AM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि अगले एक हजार दिन में देश की सभी छह लाख ग्राम पंचायतें ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जुड़ जायेंगी। मोदी ने 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले 1000 दिन में देश के हर गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले देश की सिर्फ पांच दर्जन पंचायतें ऑप्टिल फाइबर से जुड़ी थीं। बीते पांच साल में देश में डेढ़ लाख ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है। 

उन्होंने कहा कि कोरोना के समय में डिजिटल भारत अभियान की भूमिका को सबने देखा है। देश के सभी गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोडऩे के अभियान के तहत ही एक हजार दिन में लक्षद्वीप को भी हाई स्पीड इंटरनेट प्रदान करने के लिए समुद्री ऑप्टिकल फाइबर से कनेक्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के जो 40 करोड़ जनधन खाते खुले हैं, उनमें से लगभग 22 करोड़ खाते महिलाओं के ही हैं। 

कोरोना के समय में अप्रैल-मई-जून, इन तीन महीनों में महिलाओं के खातों में करीब-करीब 30 हजार करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में अभी पिछले महीने ही करीब-करीब तीन लाख करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन अकेले भीम यू पी आई से हुआ है। 

Anil dev

Advertising