नकवी का ममता पर पलटवार- अपना पाप छुपाने की कोशिश कर रही CM

Thursday, Jun 21, 2018 - 07:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भाजपा को ‘उग्रवादी पार्टी’ कहे जाने की तीखी आलोचना करते हुए उन पर पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी  ने कहा कि ममता बनर्जी का बयान हंसी उड़ाने लायक है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जब तक भाजपा को गाली ना दें, तब तक उनका हाजमा ठीक नहीं होता।

शाह से डरती हैं ममता बनर्जी
नकवी ने क​हा कि मुख्यमंत्री का यह बयान चोर मचाए शोर जैसा है। जो खुद मिलिटेंट के साथ खड़ा हो, जो पार्टी मिलिटेंट और अराजक तत्वों की शरणस्थली बन गई हो, वो दूसरे पर आरोप लगाकर अपने पाप छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी जबसे सरकार में आई हैं तबसे वहां माओवादी और अराजक तत्व समानांतर सरकार चला रहे हैं। ये लोग वहां बेखौफ होकर हिंसा कर रहे हैं। टीएमसी अराजकतत्‍वों का सुरक्षित ठिकाना बन गई है। केंद्रीय मंत्री ने उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अमित शाह पश्चिम बंगाल चले जाएं तो मुख्यमंत्री की नींद हराम हो जाती है। जब तक वो बंगाल से चले नहीं जाते तब तक उनकी कार की लोकेशन लेती रहती हैं। उनको डर रहता है कि कहीं वो उनकी सत्ता न हिला दें।

ममता ने भाजपा को बताया उग्रवादी संगठन 
भाजपा नेता का ये बयान सुश्री बनर्जी की उस टिप्पणी के जवाब में आये हैं जो उन्होंने एक जनसभा में की थी। उन्होंने कहा था कि हम भाजपा की तरह कोई उग्रवादी संगठन नहीं हैं। वे ना केवल ईसाइयों और मुसलमानों के बीच लड़ाई करवा रहे हैं बल्कि हिन्दुओं को भी लड़वा रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष के इस बयान को भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान के जवाब के रूप में देखा गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि तृणमूल कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने एवं धमकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि या तो वे जेल जाएंगे या फिर सीधी भिड़ंत होगी।
 

vasudha

Advertising