PM मोदी ने योग को ‘अंतर्राष्ट्रीय आंदोलन’ बनाया: नकवी

Thursday, Jun 21, 2018 - 04:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बना दिया है। नकवी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रांची के धुरवा में प्रभात तारा मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग सेहत के खजाने की चाभी है और यह चाभी सर्वसुलभ है। 

समूचे विश्व में योग को मिली मान्यता 
नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की सदियों पुरानी विरासत योग को एक ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बनाया है। उनकी पहल पर आज हर भारतवासी गौरवान्वित है कि उसकी सदियों पुरानी उपलब्धि को पूरा विश्व न केवल मान रहा है बल्कि उसका अनुसरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयास से योग को आज समूचे विश्व ने मान्यता दी है जिससे देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है और पूरी दुनिया इससे स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त कर रही है। 

योग ने पूरी दुनिया को किया एक 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धर्म, क्षेत्र, जाति, भाषा से इतर योग ने पूरी दुनिया को एक कर दिया है जिसका लाभ समस्त मानवता उठा रही है। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि योग के माध्यम से भारत पूरे विश्व को स्वस्थ रहने का संदेश दे रहा है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

vasudha

Advertising