महाराष्ट्रः नाना पटोले का दावा- ‘हर घर तिरंगा'' के लिए चीन से आयात किए जा रहे झंडे

Thursday, Aug 11, 2022 - 12:37 AM (IST)

मुंबईः कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ‘हर घर तिरंगा' पहल के लिए चीन से तिरंगे आयात किए जा रहे हैं। पटोले ने कांग्रेस की ‘आजादी गौरव पदयात्रा' के तहत बुलढाणा जिले में कहा, ‘‘अत्याचारी ब्रितानी शासन को समाप्त करने के लिए एक लंबा संघर्ष करना पड़ा था। कांग्रेस के झंडे तले देश एकजुट था और सभी को एकसाथ लाने के कांग्रेस के विचार ने इस देश को आजादी दिलाई।

स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं देने वाले लोग आज ‘हर घर तिरंगा' अभियान के नाम पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।'' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इसके लिए चीन से तिरंगे आयात किए जा रहे हैं, जो कि स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है। 

पटोले ने कहा कि जब देश आजाद हुआ तो देश में सुई तक नहीं बनती थी, लेकिन जवाहरलाल नेहरू के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत प्रगति के शिखर पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भी विकास को गति देकर भारत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि उनके बाद पी वी नरसिंह राव, मनमोहन सिंह ने भी देश में विभिन्न विकास योजनाओं को लागू किया। 

Pardeep

Advertising