नायडू ने निकाली भड़ास, कहा- मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश के साथ किया अन्‍याय

Sunday, Mar 18, 2018 - 03:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश को विशेष राज्‍य का दर्जा न दिए जाने से नाराज प्रदेश के मुख्‍यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार  उनके साथ अन्याय कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय पर साजिश रचने और अपराधियों की मदद करने का भी आरोप लगाया। 

केंद्र सरकार ने हमारी मांगों से किया किनारा
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मैं देश का सीनियर नेता हूं लेकिन मैंने कभी इस बात का कभी घमंड नहीं किया। मैंने केवल राज्य के लिए फंड जारी करने के लिए कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बार-बार हमारी मांगो से किनारा करती रही। बता दें कि नायडू राज्य के लिए विशेष दर्जे और फंड जारी किए जाने की मांग पर अड़े हैं। नायडू की तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) शुक्रवार को ही भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग हुई थी। 

एनडीए से अलग हुई TDP
शुक्रवार को टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नायडू ने सांसदों से सलाह मशविरा कर गठबंधन से बाहर जाने का फैसला किया था। टीडीपी के एनडीए से बाहर होने के बाद मोदी सरकार की तरफ से बयान आया था कि उनके पास अविश्वास प्रस्ताव को गिराने के लिए आवश्यक संख्याबल है। बता दें कि लोकसभा की मौजूदा तस्वीर (538 सांसद) में टीडीपी के बाहर जाने के बावजूद एनडीए को 315 सांसदों का समर्थन हासिल है। भाजपा के खुद के 274 सांसद हैं जो जादुई आंकड़े 272 से दो ज्यादा है। 

Punjab Kesari

Advertising