नायडू का मोदी पर तंज, विदाई का वक्त करीब

Friday, Jan 25, 2019 - 08:29 PM (IST)

अमरावतीः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनकी घर वापसी का समय आ गया है और आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पराजय निश्चित है।

नायडू ने क्या कहा
तेदेपा नेताओं को शुक्रवार को टेलीकांफ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए नायडू ने कहा, ‘‘ भारत बचाओ- लोकतंत्र बचाओ’’ का नारा देश भर में गूंज रहा है। लोगों पर इसका बहुत असर नजर आ रहा है और इसे देखते हुए कहा जा सकता है कि मोदी की घर वापसी का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं, किसान और युवा वर्ग भाजपा सरकार से त्रस्त हैं और आम चुनाव में उसकी विदाई निश्चित है।’’

सर्वे को बताया फर्जी
कुछ राष्ट्रीय टेलीविजन चैनलों के गुरुवार को दिखाये गए सर्वेक्षण को खारिज करते हुए नायडू ने कहा,‘‘ यह बनावटी हैं और इनकी कोई विश्वनीयता नहीं है।’’ सर्वेक्षणों में कहा गया है कि तेदेपा को आम चुनाव में आंध्र प्रदेश में केवल छह सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की लोकप्रियता और जनता की राय को चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों से बदला नहीं जा सकता है।

साल 2014 की याद दिलाई
वर्ष 2014 के चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों को जिक्र करते हुए नायडू ने कहा कि इनमें तेदेपा की हार जतायी गयी थी जबकि वह विजेता बनकर उभरी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ आप लोगों को बनवाटी चुनावी सर्वेक्षणों से तेदेपा से दूर नहीं कर सकते। एक्जिट पोल के परिणाम मतदाताओं पर किसी भी प्रकार का प्रभाव नहीं डाल सकते।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ आंध्र प्रदेश राज्य को विकास के पथ पर अगले पांच वर्ष और आगे ले जाने के लिए तेदेपा की ऐतिहासिक विजय जरूरी है।’’ वाईएसआरसीपी नेताओं के पार्टी छोड़कर तेदेपा में शामिल होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष वाई एस जगन मोहन रेड्डी का अहंकार और अकड़ को ये नेता सहन नहीं कर पा रहे थे और इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने अभी तक आंध्र प्रदेश को 1.16 लाख करोड़ रुपए नहीं दिए हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यह राशि जल्द से जल्द जारी करने का आग्रह किया

Yaspal

Advertising