छत्रपति शिवाजी की जयंती पर नायडू, राहुल, शाह ने दी श्रद्धांजलि

Tuesday, Feb 19, 2019 - 08:57 PM (IST)

मुंबईः छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर मंगलवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। नायडू ने मराठी में ट्वीट कर कहा, ‘‘भारत भूमि के महान सपूत और महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती के अवसर पर नमन।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज का साहस, युद्ध कौशल, राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान हमेशा भारतीयों को प्रेरित करता रहेगा।’’


राहुल गांधी ने भी मराठी में ट्वीट कर शिवाजी को ‘‘सच्चे अर्थ में जनता का राजा’’ बताया। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज आम जन के राजा थे। सभी वर्गों के सैनिकों ‘मावलों’ को एकजुट करके उन्होंने स्वराज की स्थापना की और सबके साथ न्याय का प्रयत्न किया। उनका जीवन और शासन व्यवस्था पूरे विश्व के लिए अनुकरणीय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ जयंती के अवसर पर महान राजा को विनम्र अभिवादन।’’


राकांपा प्रमुख शरद पवार ने भी शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि दी और उनके स्वशासन एवं ‘‘सहयाद्री की भूमि को आत्मगौरव प्रदान करने’’ के लिये उनकी प्रशंसा की। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शिवाजी महाराज श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंति पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि।’’

 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं सुरेश प्रभु ने भी ‘‘सचाई और न्याय के योद्धा’’ को श्रद्धांजलि दी। मराठा साम्राज्य के संस्थापक शिवाजी महाराज का जन्म पुणे जिले के शिवनेरी किले में 1630 में आज ही के दिन हुआ था।

 

Yaspal

Advertising