आर्थिक संकट से उभरने के लिए पैट्रोल-डीजल बेचेगा निगम

Tuesday, Jan 30, 2018 - 11:48 AM (IST)

चंडीगढ़, (राय): प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे नगर निगम को अपने आय के स्रोत बढ़ाने की नसीहत दी है। साथ ही आय बढ़ाने के लिए दो पैट्रोल पंप देने का ऐलान भी किया। उपेक्षा के विपरीत निगम को वित्तीय संकट से उभारने के लिए कोई नया पैकेज प्रशासक से नहीं मिला। निगम इतिहास में सोमवार को पहली बार चंडीगढ़ के प्रशासक ने निगम सदन को संबोधित किया। नगर प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने निगम सदन को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि अगर यह सदन राजस्व बढ़ौतरी के लिए कोई प्रस्ताव पारित करता है तो वह मंजूरी के लिए उनके पास आता है तो उसे तुरंत स्वीकार किया जाएगा। मेयर देवेश मोदगिल के निमंत्रण पर निगम सदन की बैठक से ठीक एक दिन पहले प्रशासक ने करीब 20 मिनट के अपने अभिभाषण में निगम की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि कजौली वाटर वर्कस से अतिरिक्त पानी शहर के लिए लाने का कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूरा हो जाएगा व शहर को मई माह तक अतिरिक्त पानी मिलना आरंभ हो जाएगा। प्रशासक ने कहा कि निगम ने आर्थिक तौर पर आत्म-निर्भर बनने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने साथ ही यह भी माना कि यह पर्याप्त नहीं रहे। उन्होंने निगम को दो पैट्रोल पंप संचालित करने के लिए भी सैंक्शन कर दिए हैं। 


चंडीगढ़ का प्रशासक होना गौरव की बात : बदनौर 
बदनौर ने कहा कि चंडीगढ़ का प्रशासक होना उनके लिए गौरव की बात है। इसी प्रकार यहां का महापौर होना भी गौरवशाली है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी के साथ ही साथ स्मार्ट पार्किंग उपलब्ध करने वाला शहर बन चुका है। उन्होंने कहा कि थोड़े संसाधन के साथ बड़ी परियोजनाओं का संचालन ही स्मार्ट सिटी का मुख्य उद्देश्य है। शहर के 1310 अंधेरे इलाकों की अब तक पहचान की जा चुकी है जहां पर एल.ई.डी. लाइटें लगाई जानी है। इसके पूर्व स्ट्रीट लाइटों को हटाकर उनमें नई एल.ई.डी. लाइटें लगाई जा चुकी हैं। नगर निगम के सामुदायिक केंद्रों में  स्टार स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। सस्ता किराया देकर अच्छी सुविधा का लाभ शहर वासियों को मिलने लगा है। सबसे महत्वपूर्ण परियोजना के तहत प्रधानमंत्री की अमु्रत योजना के अंतगर्त 2437 स्कीम पेयजल की सप्लाई की शुरूआत भी निगम द्वारा की जा चुकी है। मलोया में 5 एम.जी.डी. सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट का निर्माण भी निगम की उपलब्धियों में शामिल है।

निगम के हार्टीकल्चर विंग को राष्ट्रीय स्तर पर मिल चुके हैं कई अवार्ड 
बदनौर ने कहा कि निगम के हार्टीकल्चर विंग को विशेष कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर के कई अवार्ड भी नवाजे जा चुके हैं। इनमें रोजगार्डन से लेकर जापानी गार्डन का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत निगम के सभी ग्रीन बैल्ट पार्कों में कम्पोस्ट खाद पिट्स तैयार किए जा रहे हैं। इन पेड़-पौधों के अवशेषों से ऑर्गेनिक खाद बनाई जाएगी और कूड़ा-कचरा भी हटाने में मदद मिलेगी। निगम को अपने अतिरिक्त राजस्व बढ़ाने के लिए उन्होंने विशेष निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही साथ निकट भविष्य में इसे अपने दो पैट्रोल पंप चलाने के लिए भी अनुमति प्रदान की जा सकती है। उन्होंने निगम के सभी पार्षदों को एक साथ मिलाकर विकास की इस विशेष यज्ञ में आहुति डालने का अनुरोध भी किया। 

Advertising