मुस्लिम दंपत्ति ने अपनाया हिंदू धर्म, नाम बदलकर रहीस से बना समीर और पत्नी बनी सोनी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 08, 2025 - 11:21 AM (IST)

नेशनल डेस्क. गाजियाबाद में एक मुस्लिम पति-पत्नी ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया है। यह दंपत्ति लंबे समय से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन कर रहे थे। गाजियाबाद हिंदू रक्षा दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें यह दंपत्ति भी नजर आ रहे थे। वीडियो में मुस्लिम युवक ने बताया कि वह काफी समय से सनातन धर्म के बारे में अध्ययन कर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने हिंदू धर्म अपनाने का फैसला लिया।

युवक ने कहा कि उनका नाम पहले रहीस था, लेकिन अब उन्होंने अपना नाम समीर रख लिया है। वहीं उनकी पत्नी का नाम मरियम था। अब वह सोनी हो गई हैं। उन्होंने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया है। युवक ने यह भी बताया कि गाजियाबाद हिंदू रक्षा दल ने उन्हें धर्म के बारे में पूरी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने हिंदू धर्म अपनाने का निर्णय लिया।

इस मामले पर गाजियाबाद राष्ट्रीय हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ने कहा कि वह इस परिवार की पूरी मदद करते रहेंगे। यह पहली बार नहीं है, जब गाजियाबाद में कोई मुस्लिम दंपत्ति धर्म परिवर्तन कर हिंदू धर्म अपनाता है। इससे पहले जनवरी महीने में एक अन्य मुस्लिम दंपत्ति ने भी पूरी विधि-विधान से हिंदू धर्म अपनाया था। यह दंपत्ति पिछले 7-8 सालों से हिंदू धर्म का पालन कर रहे थे। उस समय मुस्लिम युवक शहजाद ने अपना नाम बदलकर शिवकुमार भारद्वाज रख लिया था, जबकि उनकी पत्नी का नाम बदलकर साक्षी भारद्वाज हो गया था। इस दंपत्ति ने भी पिंकी चौधरी की अगुवाई में हिंदू धर्म अपनाया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News