मुंबई में बारिश से बेहाल लोगों ने सोशल मीडिया पर शिवसेना को किया ट्रोल

Tuesday, Jul 02, 2019 - 06:04 PM (IST)

मुंबई: लगातार बारिश के बाद मुंबई शहर की रफ्तार थमी तो सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा करीब दो दशकों से बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) पर काबिज शिवसेना पर निकला। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप पर एक मीम काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें इटली के वेनिस शहर की तुलना मध्य मुंबई के परेल की जलमग्न सड़कों से की गई है। एक अन्य मीम में हिंदी फिल्म ग्रेट गैंबलर का एक दृश्य दिखाया गया है जिसमें अमिताभ बच्चन और जीनत अमान एक गंडोला में बैठे हैं और गंडोला चलाने वाले से कहते हैं, भइया गोरेगांव लेना।

सोशल मीडिया पर शिवसेना को बनाया गया निशाना
सोशल मीडिया यूजर मीम देव ने ट्विटर पर शिवसेना को निशाना बनाते हुए शाहरुख खान की फिल्म स्वदेश की एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें शाहरुख खान नाव में बैठे हैं, और तंज कसा, मुंबई के लोग दफ्तर जा रहे हैं मुंबईरेनलाइव। एक अन्य वायरल तस्वीर में बाघ (शिवसेना का चुनाव चिन्ह) जलमग्न सड़कों पर नाव में घूमता दिख रहा है। शिवसेना पर तंज कसते हुए एक स्थानीय निवासी ने ट्वीट किया, सांसदों को अयोध्या ले जाने के बजाए, अगर पार्षदों को आसपास ले जाया गया होता, तो आज शहर जलमग्न नहीं बनता। 

विनोद कांबली ने किया महादेश्वर पर हमला
पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली भी मुंबई के महापौर विश्वनाथ महादेश्वर पर निशाना साधने में पीछे नहीं रहे, जिन्होंने सोमवार को दावा किया था कि शहर में कहीं जलभराव नहीं है। बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने कहा, जलभराव की वजह से मुंबईकर शहर भर में फंसे हुए हैं। ट्विटर इस्तेमाल करने वाले और मुंबई पुलिस भी जलभराव के बारे में बता रहे हैं लेकिन महापौर कह रहे हैं कि जलभराव जैसी कोई बात नहीं है और सब कुछ ठीक है?

Anil dev

Advertising