मुंबई : 5 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का एमडी ड्रग, कोकीन बरामद, नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार

Monday, Nov 22, 2021 - 05:17 AM (IST)

मुंबईः मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने रविवार तड़के उपनगरीय वडाला में एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया और उसके पास से पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का एमडी ड्रग और कोकीन बरामद किया, जिसे उसने महिलाओं के हैंडबैग में रखा था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी को चेंबूर-सेवरी रोड से पकड़ा गया। 

अधिकारी ने बताया, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा के यूनिट-4 ने जाल बिछाया और करीब 40 साल की उम्र के नाइजीरियाई नागरिक को मौके से पकड़ा। आरोपी ने मादक पदार्थ पहुंचाने का एक अनूठा तरीका अपनाया था, वह महिलाओं के तीन हैंडबैग में नशीला पदार्थ रखकर लाया था।'' 

उन्होंने बताया कि अपराध शाखा यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मादक पदार्थ किसके पास पहुंचाया जाना था। अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य एवं नशीला पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।'' उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। 

Pardeep

Advertising