मुंबई हादसा: 28 साल की खुशबू के लिए जन्मदिन ही बन गया मौत का दिन

Friday, Dec 29, 2017 - 01:27 PM (IST)

नई दिल्ली: मध्य मुंबई की एक इमारत में स्थित पब में जन्मदिन के उत्सव के दौरान आधी रात के बाद आग लगने की घटना में 11 महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जिससे जश्न का पूरा माहौल मातम में तब्दील हो गया। मरने वालों में 28 साल की खुशबू बंसल भी शामिल है। 

जानकारी मुताबिक कमला हिल्स कांपउंड के लंदन टैक्सी बार में शुक्रवार को 28 साल की खुशबू बंसल अपना 29वां जन्मदिन सेलिब्रेट करने आई थी। लेकिन किसी को क्या पता था कि यह खुशी के दिन उसके लिए मौत का दिन बन जाएगा। बताया जा रहा है कि अपने दोस्तों के साथ खुशबू 29वां बर्थडे सेलिब्रेट करने आई थी। उसने 12 बजे केक काटा। सभी दोस्त खुशबू की बर्थडे पार्टी की खुशियां मना रहे थे कि तभी 12.30 बजे पब में आग फैल गई। 

आग से बचने के लिए ये सभी युवा बाथरूम में घुस गए और नलों का पानी खोल दिया। लेकिन बाथरूम के अंदर दम घुटने की वजह से खुशबू और उसके दोस्तों की मौत हो गई। ये सभी खुशबू का बर्थडे मनाने के लिए पब आई हुई थीं।

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त किया है।  फडणवीस ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई के कमला मिल्स में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे सुनकर व्यथित हूं। घटना में कई लोगों की जान चली गयी। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बीएमसी आयुक्त को इस संबंध में गहन जांच का निर्देश देता हूं।’’  एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त (अजय मेहता) को दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।  

Advertising