मुंबईः आर्थर रोड जेल में 81 और कैदी मिले कोरोना पॉजिटिव, 26 स्टाफ कर्मी भी संक्रमित

Sunday, May 10, 2020 - 10:11 PM (IST)

मुंबईः मुंबई की ऑर्थर रोड स्थित जेल में करीब 81 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसके बाद अबतक कोरोना पॉजिटिव कैदियों की संख्या बढ़कर 158 हो गई है। वहीं, 26 कर्मी स्टाफ में भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना पॉजिटिव स्टाफ के लोगों की संख्या भी जोड़ दी जाए तो जेल में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 184 हो जाती है।

मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने आर्थर रोड जेल का दौरा किया। जेल के 81 कैदी और 26 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। नगर निगम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने जेल में तैनात कर्मचारियों के साथ बातचीत की और बीएमसी के जी-साउथ वार्ड के अधिकारियों से इस क्षेत्र को संक्रमणमुक्त कराने को कहा।

जेल के 81 कैदियों को चेंबूर के माहुल में एक खाली इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि 26 कर्मचारियों का अलग-अलग स्थानों पर इलाज चल रहा है। ये सभी कोरोना वायरस संक्रमित जेल के एक रसोइये के संपर्क में आने से इस महामारी की चपेट में आए। 

Yaspal

Advertising