मुंबई के कुर्ला में गिरी बहुमंजिला इमारत, 10 की मौत, 13 घायल

Tuesday, Jun 28, 2022 - 07:46 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मुंबई के पूर्वी उपनगर कुर्ला के नाइक नगर में मंगलवार को एक चार मंजिला इमारत के पूरी तरह ढह जाने से कम से कम दस लोगों की मौत हो गई और एक महिला सहित करीब 13 अन्य घायल हो गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कुर्ला के नाइक नगर में सोमवार देर रात चार मंजिला इमारत पूरी तरह से ढह गयी। जिससे इमारत में रह कई लोग मलबे में दब गये।  

आज दोपहर में बचावकर्मियों ने मलबे में से 21 लोगों का बाहर निकाला जिनमें चार शव और 17 अन्य घायल लोग थे। सभी मृतक और घायल वयस्क पुरूष है। घायलों को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल और सायन के एलटीएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य में दमकल की 10 गाड़यिां, छह बचाव वैन और एंबुलेंस लगी हुयी हैं। दो लोगों के लापता होने की सूचना से दमकल अधिकारियों को अंदेशा है कि अभी भी कुछ लोग अन्दर फंसे हो सकते है। बचाव और राहत कार्य हालांकि जोरों पर है। 

इस बीच महाराष्ट्र के मंत्री सुभाष देसाई ने इस दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने घटना की सूचना मिलने पर राजावाड़ी अस्पताल का दौरा किया और घायलों के बारे में जानकारी ली साथ ही घोषणा की कि राज्य सरकार और बृहन्मुंबई नगर निगम घायल लोगों के चिकित्सा खर्च वहन करेगी।

Yaspal

Advertising