मुगल रोड श्रीनगर-लेह राजमार्ग लगातार आठवें दिन बंद

Monday, Dec 17, 2018 - 11:50 AM (IST)

 श्रीनगर : कश्मीर में हिमपात के कारण मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राजमार्ग लगातार आठवें दिन भी बंद है। कश्मीर में पारा लगातार जमाव बिंदु से नीचे रहने के कारण कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सर्दी के साथ ही शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया है। कश्मीर घाटी में जल स्रोत जम गए हैं तथा नलों में पानी भी जम गया है, पानी जमने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घाटी के लोग नलों के नीचे आग जलाकर पानी को पिघला रहे हैं। 

यातायात पुलिस अधिकारियों ने  बताया कि हिमपात के कारण दक्षिणी कश्मीर स्थित शोपियां को राजौरी और पुंछ से जोडऩे वाली मुगल रोड पिछले पांच दिनों से बंद है। मुगल रोड पर पीर की गली समेत कई स्थानों पर हिमपात हुआ है। इस 86 किलोमीटर लंबे राजमार्ग को श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग के विकल्प के रूप में देखा जाता है। हिमपात होने के कारण राजमार्ग पर कई फुट बर्फ जम गयी है जिसके कारण रोड पर फिसलन बनी हुई है।

लद्दाख को कश्मीर से जोडऩे वाले 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह राजमार्ग हिमपात और बर्फ की जमने से फिसलन के कारण लगातार दिन बंद रहा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीर की गली के दोनों ओर से बर्फ को हटाने के लिए व्यवस्था कर रहा है। रोड पर यातायात शुरू होने के बहुत ही कम आसार हैं। सर्दी के छह महीने हिमपात और हिमस्खलन के कारण यह मार्ग बंद रहता है। पीर की गली के दोनों ओर राजमार्ग पर वाहन फंसे हुए हैं। रोड की स्थिति ठीक होने तक यहां वाहनों के परिचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उधर, मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार से पांच दिनों तक ऐसे ही मौसम शुष्क बना रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी।
 
 

Monika Jamwal

Advertising