फिजूलखर्च पर बिल पेश करने वाली सांसद ने अपनी शादी में खर्चे थे करोड़ों

Friday, Feb 17, 2017 - 03:04 PM (IST)

नई दिल्ली : लोकसभा में शादी में फिजूलखर्च को लेकर निजी विधेयक पेश करने वाली कांग्रेस सांसद और बिहार की जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन के बारे में एक अहम जानकारी मिली है। भले ही वह फिजूल खर्च के खिलाफ विधेयक लाई हैं लेकिन उनकी खुद की शादी शाही अंदाज में हुई थी। अपनी शादी में वह अपने परिवार के साथ जालंधर से पूर्णिया चार्टेड प्लेन से पहुंची थी। मधेपुरा से सांसद पप्पू यादव और रंजीत रंजन की शादी 6 फरवरी, 1994 को पूर्णिया में हुई थी। दोनों का यह प्रेम विवाह था। इस शादी में मौजूद देवाशीष पासवान ने बताया था कि इसमें एक लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। पासवान के मुताबिक शहर के सारे होटल और गेस्ट हाउस सब बुक थे। इस शादी में लालू यादव, चौधरी देवीलाल, डीपी यादव, मुलायम सिंह और राज बब्बर भी शामिल हुए थे। 

हाथी-घोड़े भी थे मौजूद
उन्होंने बताया कि गाडिय़ों के अलावा शादी में संैकड़ों हाथी और घोड़े थे। शहर का हर चौक-चौराहा सजा हुआ था। खाना बनाने वाले लोग बाहर से आए थे और लोगों खाने-पीने की पूरी व्यवस्था थी। वहीं जब रंजीत से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरी शादी एक रैली थी और चार्टेड प्लेन का इंतजाम वर पक्ष ने किया था। बता दें कि हाल ही में वह संसद अपनी लाखों की हार्ले डेविडसन बाइक से पहुंची थीं।

यह है उनके बिल में
रंजन के निजी बिल के मुताबिक अगर शादी में कोई 5 लाख से ज्यादा खर्च करता है तो खर्च का 10 फीसदी गरीबों को या गरीबी रेखा से नीचे रह रहे लोगों को देना होगा। उन्होंने कहा था कि शादियों में धन के अनावश्यक खर्च पर रोक लगाना अति आवश्यक है। अनावश्यक खर्च करना समाज के लिए अच्छा नहीं है। सांसद के अनुसार शादियों में आजकल दिखावा ज्यादा होता है। जिस पर रोक लगाने की जरुरत है।

Advertising