MP Road Accident: स्लीपर बस बनी आग का गोला, कांच तोड़कर बाहर कूदे 45 यात्री
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 12:43 PM (IST)
Gwalior Indore Sleeper Bus Fire : मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) पर रविवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ग्वालियर से इंदौर की ओर जा रही एक स्लीपर वीडियो कोच बस में सफर के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 45 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे एक बहुत बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बस रविवार रात लगभग 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 11 बजे पनिहार रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची लपटें उठने लगीं। बस में धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।
आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई। राहगीरों और बस कर्मियों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे बड़ा दुर्घटना टल गया। हालांकि आग से बस को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने पर पनिहार थाना पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे।
सुरक्षा की द्दष्टि से कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी रोका गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
