MLA Car Fire: कांग्रेस विधायक की SUV दीवार से टकराकर बनी आग का गोला, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 01:02 PM (IST)
Congress MLA Yogendra Singh Car Fire : मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह 'बाबा' की तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) कार राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर अचानक बेकाबू होकर एक स्कूल की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के कुछ ही देर बाद पूरी कार में आग लग गई और वह देखते ही देखते जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से विधायक समेत कार में सवार सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब 'एसयूवी' चालक ने एक गाय को बचाने के प्रयास में वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार दीवार से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में विधायक बाल-बाल बच गए। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना जिले के धूमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंजारी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उस समय हुई जब लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक बाबा जबलपुर से अपने गृह गांव घुरवाड़ा लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें: Mob Lynching Death: रांची में छेड़छाड़ के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 1 आरोपी गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि विधायक, उनके सुरक्षाकर्मी राजू धुर्वे और चालक अन्नू वाहन में सवार थे। अधिकारी ने बताया कि रास्ते में अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद एसयूवी सड़क किनारे स्थित बंजारी हाईस्कूल (हर्बल गार्डन) की चारदीवारी से टकरा गई।
सड़क दुर्घटना में लखनादौन विधायक माननीय योगेंद्र सिंह "बाबा" जी के सकुशल होने का समाचार राहत देने वाला है।
— Shivdeep Dehariya (@ShivdeepDehari2) June 4, 2026
ईश्वर की कृपा से बाबा भैया सुरक्षित हैं। दुर्घटना में घायल चालक, पीए एवं अन्य साथियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
प्रभु सभी को जल्द स्वस्थ करें। 🙏 pic.twitter.com/JdgmEq3vH4
अधिकारी के अनुसार दुर्घटना के कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग गई और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गयी। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से विधायक समेत सभी सवारों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि तीनों को उपचार के लिए लखनादौन अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी को मामूली चोटें आईं जबकि चालक के होंठ पर टांके लगाने पड़े हालांकि उपचार के बाद तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लखनादौन के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) अपूर्वा भालावी ने बताया कि गाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा जिससे यह दुर्घटना हुई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
