MP उपचुनाव नतीजे: मुंगावली में कांग्रेस को मिली जीत

Wednesday, Feb 28, 2018 - 08:21 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश में कोलारस और मुंगावली विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है। मुंगावली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी प्रत्याशी बाई साहब को 2107 मतो से हरा दिया है।  एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोलारस से कांग्रेस के उम्मीदवार महेन्द्र सिंह यादव पहले चरण की गणना के बाद से ही आगे चल रहे थे और अब वह तीसरे चरण की गणना के बाद 1583 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 24 फरवरी को मतदान हुआ था।

मुंगावली में 77.05 प्रतिशत और कोलारस में 70.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। मुंगावली में कुल 13 उम्मीदवार जबकि कोलारस में कुल 22 प्रत्याशी चुनावी समर में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।  कोलारस में कांग्रेस के विधायक राम सिंह यादव और मुंगावली में कांग्रेस के विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के निधन के कारण ये उपचुनाव हुए। कोलारस से महेन्द्र सिंह यादव कांग्रेस के उम्मीदवार हैं जबकि देवेन्द्र जैन भाजपा के प्रत्याशी हैं। मुंगावली से कांग्रेस ने बृजेन्द्र सिंह यादव को मैदान में उतार है तो भाजपा ने बाई साहब यादव को उम्मीदवार बनाया है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच है।

Advertising