मां ने पैसों के लिए बेच दिया अपना दुधमुंहा बच्चा, दो लाख में किया सौदा

Saturday, Apr 07, 2018 - 03:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मां की ममता एक बार फिर शर्मसार हो गई। गोवा में एक कलयुगी मां ने पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए अपने दुधमुंहे बच्चे को बेचने का सौदा कर लिया। अपने 11 महीने के बेटे को दो लाख रुपये में कथित रूप से बेचने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे के पिता की शिकायत पर शैला पाटिल, कथित खरीदार अमर मोरजे(32) और बच्चे को बेचने में महिला की मदद करने वाले योगेश गोसावी(42) एवं अनंत दामाजी(34) को गिरफ्तार कर लिया गया। 

मामले की जांच कर रहे पोंडा पुलिस थाने के निरीक्षक हरीश मडकाईकर ने कहा कि शैला ने बताया कि महिला को पैसों की जरूरत थी जिसके तहत उसने पति को अंधेरे में रखकर अपना बच्चा बेच दिया। आरोपी महिला ने अपने दोस्त गोसावी और दामाजी से यह कहकर मदद मांगी थी कि उसे पैसों की सख्त जरूरत है। उन दोनों ने मोरजे से संपर्क किया। दरअसल मोरजे नि: संतान है और कथित रूप से वह एक बच्चा खरीदना चाहता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 23 मार्च को बच्चा मोरजे को सौंप दिया गया। घटना के वक्त शैला का पति घर पर नहीं था और वापस लौटने पर उसे घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता के मानव तस्करी रोधी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। 
 

vasudha

Advertising