'इश्क' का खूनी अंजाम: देवर की शादी से भड़की चार बच्चों की मां; मिलने के बहाने खेत में बुलाकर ब्लेड से काटा प्राइ'वेट पा'र्ट
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 10:31 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। एक महिला ने अपने प्रेमी (रिश्ते में देवर) की दूसरी जगह शादी होने से नाराज होकर खौफनाक कदम उठा लिया। महिला ने युवक को मिलने के बहाने खेत में बुलाया और ब्लेड से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया।
4 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
घटना पाली थाना क्षेत्र के गुजदेई गांव की है। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय सुधीर का पिछले 4 वर्षों से अपनी ही एक रिश्ते की भाभी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो चार बच्चों की मां है। बताया जा रहा है कि सुधीर की शादी बीते 6 मई को कहीं और संपन्न हो गई थी, जिसकी खबर सुनते ही उसकी शादीशुदा प्रेमिका बदले की आग में जलने लगी और उसने इसे बेवफाई मानकर खूनी साजिश रच डाली।
खेत में बुलाकर किया जानलेवा हमला
शनिवार को महिला ने सुधीर को कुरसेली गांव के पास खेतों में बातचीत के बहाने बुलाया। वहां दोनों के बीच शादी को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने अचानक छिपाकर रखा ब्लेड निकाला और सुधीर के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया। हमले के बाद सुधीर लहूलुहान होकर दर्द से तड़पने लगा और अपनी जान बचाकर सड़क की ओर भागा।
भीड़ के सामने रची झूठी कहानी
सड़क पर भी दोनों के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई। खुद को घिरता देख आरोपी महिला ने तुरंत पासा पलट दिया और भीड़ के सामने आरोप लगाया कि वह बैंक जा रही थी और सुधीर ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसके बचाव में उसने हमला किया।
हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
गंभीर रूप से घायल सुधीर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
