मां तो मां है, मां जैसा दुनिया में कोई नहीं : अक्षरा सिंह

Saturday, May 07, 2022 - 02:29 PM (IST)

कटड़ा (अमित): भोजपुरी फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने शुक्रवार को मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने सुबह कटड़ा से सांझीछत्त तक का सफर हैलीकॉप्टर से तय किया। वहां से पैदल ही भवन पर पहुंच कर मां भगवती की प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष नमन कर आशीर्वाद प्राप्त करने के वाद हैलीकॉप्टर से वापस कटड़ा लौटीं। पंजाब केसरी से साक्षात्कार के दौरान अक्षरा सिंह ने कहा कि वह बहुत बड़े मुकाम पर नहीं हैं, पर वह आज जिस मुकाम पर हैं उसका सारा श्रेय उनके माता-पिता व दर्शकों को जाता है, जिन्होंने उन्हें बहुत प्यार दिया है।

उन्होंने कहा कि उन पर हर समय माता रानी की असीम कृपा रही है। अपने करियर के संघर्ष को याद करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय बहुत ही कष्टदायक था। उस दौरान वह माता रानी के दर्शनों के लिए आई थीं। चढ़ाई चढ़कर मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई और दर्शन करने के साथ ही सारी तकलीफें खत्म हो गईं। उन्होंने कहा कि मां तो मां है, मां जैसा दुनिया में कोई नहीं है।

वैष्णो देवी यात्रा का सफर हर बार अलग दिशा देता है
अक्षरा सिंह ने कहा कि हर बार वैष्णो देवी के दरबार में आना उनके जीवन में अलग दिशा देकर जाता है। मां भगवती के दरबार से बहुत कुछ पा कर जाती हूं, जिसे शब्दों में बयां करना बहुत ही मुश्किल है।  मां वैष्णो देवी जब भी बुलाती हैं, सारे प्लान रद्द कर यात्रा के लिए निकल पड़ती हूं।

2011 से हुई फिल्मी करियर की शुरूआत 
अक्षरा सिंह ने बताया कि 2011 में ‘सत्यमेव जयते’ फिल्म से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद उन्होंने बहुत-सी भोजपुरी फिल्मों के साथ-साथ कई टी.वी. सीरियलों में भी काम किया।  उन्होंने जी.टी.वी. के ‘काला टीका’, सोनी टी.वी. के ‘सर्विस वाली बहू’, ‘बिग बॉस’ सहित कई सीरियलों में भूमिकाएं निभाई हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हर दिन कुछ नया सीखने का मौका मिल रहा है। 

आगामी दिनों में बहुत सारी फिल्में व गाने होंगे रिलीज
अक्षरा ने बताया कि आगामी दिनों में बहुत सारी भोजपुरी फिल्मों सहित गाने रिलीज होंगे। वह हर साल माता रानी को एक भजन डैडिगेट करती हैं। उन्होंने माता रानी के समक्ष हाजिरी लगाते हुए एक भजन भी गुनगुनाया।

अपनी मेहनत पर हमेशा भरोसा रखें नए अभिनेता
फिल्म इंडस्ट्री में आने वाले नए युवाओं को संदेश देते हुए अक्षरा सिंह ने कहा कि नए अभिनेता हमेशा अपनी मेहनत पर भरोसा रखें और कड़ी से कड़ी मेहनत करें।

बार-बार आऊंगी मां वैष्णो देवी के दरबार
अक्षरा सिंह ने कहा कि अगर उन्हें मां वैष्णो देवी के दर्शन करने का मौका मिलता रहा तो वह बार-बार उनके दरबार में हाजिरी लगाने के लिए आती रहेंगी।

rajesh kumar

Advertising