राज्यमंत्री रक्षा भामरे ने कश्मीर में LOC का किया दौरा

Friday, Jun 09, 2017 - 11:10 PM (IST)

श्रीनगर : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे ने शुक्रवार कश्मीर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। भामरे ने नियंत्रण रेखा (एल.ओ.सी.) का भी दौरा किया और सीमा पर तैनात जवानों से बातचीत की। इस दौरान केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने जवानों में जोश भरते हुए कहा कि दुश्मन को उसी की भाषा में और कठोरता के साथ जवाब दिया जाना चाहिए।


भामरे दो दिन के श्रीनगर दौर पर हैं। उन्होंने नौगाम में शहीद हुए जवान को श्रद्धांजलि भी दी। श्रीनगर आधारित सेना के 15 कोर के प्रवक्ता ने कहा कि कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जे.एस. संधु ने घाटी की सुरक्षा स्थिति की रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे को जानकारी दी। भामरे ने तमाम सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर घाटी में हालात सामान्य बनाने के लिए कहा। उन्होंने घाटी के सुरक्षा हालात की जानकारी लेने के साथ-साथ नियंत्रण रेखा का भी जायजा लिया।


कोर कमांडर के साथ रक्षा राज्य मंत्री भामरे ने नियंत्रण रेखा पर जाकर आगे के इलाकों की भी सुरक्षा के लिहाज से समीक्षा की। नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय जवानों के साथ मिलकर उनका हालचाल जाना और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने देश की रक्षा के लिए मुस्तैद जवानों की तारीफ की और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा पर भी संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से देश की रक्षा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने ऐसी ही मुस्तैदी से ड्यूटी देने के लिए जवानों में जोश भरा और कहा कि दुश्मन को उसी की भाषा में और कठोरता से जवाब दें।

 

Advertising