असम-बिहार में बाढ़ का कहर जारी, 150 से ज्यादा लोगों की मौत

Monday, Jul 22, 2019 - 08:23 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते बाढ़ का कहर जारी है। पूर्वोत्तर भारत और बिहार में बाढ़ व बारिश के चलते हुई घटनाओं से मरने वालों की संख्या 150 के आंकड़े को पार कर गई है। हालांकि संबंधित अधिकारियों ने बताया है कि असम में अब बाढ़ का पानी घट रहा है। वहां बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 24 हो गई है मगर गत 24 घंटों में 12 और लोगों की मौत के बाद असम में मृतकों की संख्या बढ़कर 59 हो गई है। असम के 3024 गांवों में 44,08,142 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ की वजह से 13 जुलाई से अब तक 129 पशु मारे गए हैं।


राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश, कई क्षेत्रों में यातायात प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार दोपहर को जोरदार बारिश हुई जिससे पारे में गिरावट दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में पानी भर गया जिसके परिणामस्वरूप यातायात प्रभावित रहा।


बिहार में बाढ़ से अब तक 97 लोगों की मौत
बिहार में बाढ़ की वजह से 5 और लोगों की मौत होने के बाद अब कुल आंकड़ा बढ़कर 97 हो गया है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने यह जानकारी दी है। वहीं गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के कारण एक महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई है।

Seema Sharma

Advertising