ओडिशा में लगातार दूसरे दिन सामने आए कोरोना के 10 हजार से ज्यादा मामले

Friday, Jan 14, 2022 - 01:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ओडिशा में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमण के 10,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जिससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 11,11,879 हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सूत्रों ने बताया कि बीते 24 घंटों में राज्य के 30 जिलों से 10,273 मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें से 5962 मामले क्वॉरंटीन केंद्रों से जबकि 4311 मामले स्थानीय रूप से संचारित हैं। राज्य के खोर्धा जिले से सबसे अधिक 3496 मामले आए, जबकि सुंदरगढ़ से 1049, कटक से 844, संभलपुर से 529, बालासोर से 457 और पुरी से 269 मामले दर्ज हुए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस दौरान चार मरीजों की मृत्यु से राज्य में मृतकों की कुल संख्या 8476 हो गई है।

ओडिशा में गुरुवार तक दर्ज हुए 44,349 सक्रिय मामलों में सामने आए नए मामलों से यह संख्या 53,171 पर पहुंच गई है। राज्य में चार जिलों को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। अन्य छह जिलों बालासोर, मयूरभांज, पुरी, झारसुगुडा, बोलनगिर और जाजपुर में 1000 से 2500 तक सक्रिय मामले होने से इन्हें येलो जोन में रखा गया है। दैनिक सकारात्मक दर गुरुवार को 12.41 प्रतिशत के मुकाबले शुक्रवार को 14.78 प्रतिशत पर पहुंच गई है। सूत्रों ने बताया कि राज्य में बीते 24 घंटों में 17 जिलों में जांच सकारात्मक दर के हिसाब से कोविड के बढ़ते हुए मामले दर्ज हुए हैं। ओडिशा में 1447 मरीजों के ठीक होने से संक्रमितों से मुक्त हुए मरीजों की संख्या 10,50,179 हो गई है।

Hitesh

Advertising