फिर पटरी पर लौटा मॉनसून, दिल्ली-NCR में बारिश, बिहार-झारखंड और मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला

punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 03:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आज यानी मंगलवार, 17 जून को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। अब यह उत्तरी अरब सागर, गुजरात के शेष भाग, विदर्भ के बाकी हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ इलाके, छत्तीसगढ़ का बड़ा हिस्सा, ओडिशा और झारखंड के शेष क्षेत्र, गंगा के किनारे के इलाके, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। इसी के साथ दिल्ली और आसपास के इलाकों जैसे नोएडा और गाजियाबाद में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। दोपहर से ही हल्की फुहारें शुरू हो गईं हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।

इन राज्यों में आगे बढ़ेगा मॉनसून


मॉनसून की उत्तरी सीमा अब दीसा, इंदौर, पंचमढ़ी, मंडला, अंबिकापुर, हजारीबाग और सुपौल जैसे शहरों से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए हालात पूरी तरह अनुकूल हैं। जल्द ही मॉनसून राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले सकता है।

कम दबाव वाले क्षेत्र से बढ़ेगी बारिश


मंगलवार सुबह मौसम विभाग ने दो खास कम दबाव वाली मौसमी प्रणालियों की जानकारी दी। एक प्रणाली दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र में बनी हुई है। यह धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रही है और अगले 24 घंटे में और सक्रिय हो सकती है, जिससे पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों में बारिश तेज हो सकती है।

गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश बनी आफत


गुजरात और महाराष्ट्र में इस समय मॉनसून भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान के साथ तबाही मचा रहा है। कई जिलों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। मौसम विभाग ने बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Rana

Related News