IMD Update: देश में फिर से एक्टिव हुआ मानसून, अगले चार दिनों तक दिल्ली-NCR में भारी बारिश

punjabkesari.in Monday, Sep 02, 2024 - 07:08 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-NCR में मानसून ने एक बार फिर से दस्तक दी है, और राजधानी के आसमान में घने काले बादल छा गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक दिल्ली-NCR में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जिसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है। येलो अलर्ट का मतलब है कि क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हालांकि, बीते 24 घंटों में दिल्ली में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन 2 सितंबर की सुबह आसमान में बादलों की उपस्थिति ने एक बार फिर बारिश की संभावनाओं को बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस समय दक्षिणी ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उत्तरी आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय है और इसके जल्द ही दिल्ली-NCR में लौटने की संभावना है। इस सप्ताह राजधानी क्षेत्र में अधिक बारिश की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे मौसम में ठंडक और ताजगी का अनुभव होगा।

स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत के अनुसार, गुरुवार तक दिल्ली के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-NCR क्षेत्र में बारिश का सिलसिला कुछ समय के लिए रुका था, लेकिन सोमवार तक मानसून फिर से इस क्षेत्र के करीब पहुंच गया है। इसके परिणामस्वरूप, हमें दिल्ली के आसमान में काले बादलों के साथ बारिश का दौर देखने को मिलेगा।

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। इसके मुकाबले एक दिन पहले का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, रविवार को न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले यह 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News