वीडियो कॉलिंग से बची पिता के हाथों यौन शोषण का शिकार महिला की जान

Saturday, Mar 17, 2018 - 02:18 PM (IST)

जयपुर: पिता एवं पति के यौनशोषण से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने जा रही एक मूक बधिर पीड़िता को हनुमानगढ़ पुलिस ने एक दम्पति की मदद से बचा लिया। हनुमानगढ़ महिला थाने की सहायक पुलिस निरीक्षक गायत्री देवी ने आज बताया कि अपने पिता और पति के यौनशोषण से परेशान होकर पीड़िता ने इंदौर निवासी मोनिका को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आत्महत्या करने की जानकारी दी थी। दम्पति ने पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस गुरुवार को पीड़िता के घर पहुंची। 

उन्होंने बताया कि मूक एवं बधिर होने के कारण पीड़िता ने एक कागज पर लिखकर सूचना दी थी। बहरहाल पुलिस ने पीड़िता को समझा बुझाकर एक स्वंयसेवी संगठन के आवासगृह में भेज दिया है।  पुलिस के अनुसार पीड़िता ने आत्महत्या के लिए फंदा लगाया हुआ था। वहीं मोनिका ने कहा कि पुलिस ने जब पीड़िता के घर पर पहुंचकर उसका दरवाजा तोड़ा उस वक्त पीड़िता फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या करने ही वाली थी। पुलिस एएसआई गायत्री देवी के अनुसार पीड़िता ने फिलहाल किसी के खिलाफ शिकायत नहीं की है। पुलिस ने महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दे दी है।     

Punjab Kesari

Advertising