इस शख्स को मिलेगा भारतीय सिनेमा का सबसे बड़े सम्मान, सरकार ने किया ऐलान
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 07:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड 2023 के लिए इस बार साउथ इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल का नाम चुना गया है। यह जानकारी हाल ही में भारत सरकार द्वारा दी गई है। मोहनलाल के फैंस के लिए यह बेहद गर्व और खुशी का मौका है।
यह अवॉर्ड भारतीय सिनेमा में जीवनभर के योगदान के लिए दिया जाता है। मोहनलाल को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 23 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाले 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा। यह फैसला दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड चयन समिति की सिफारिश के बाद लिया गया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी बधाई
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मोहनलाल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "केरल की खूबसूरत धरती 'आदिपोली' से लेकर दुनिया भर के दर्शकों तक, मोहनलाल जी का काम भारतीय संस्कृति का उत्सव है। उन्होंने न केवल हमारी कहानियों को जीवंत किया, बल्कि देश की रचनात्मकता को नई दिशा दी है। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।"
मोहनलाल: सिनेमा का चमकता सितारा
मोहनलाल सिर्फ मलयालम सिनेमा ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म जगत में अपनी दमदार एक्टिंग और किरदारों के लिए जाने जाते हैं। अपने चार दशक से ज्यादा के करियर में उन्होंने 350 से अधिक फिल्मों में काम किया है। इस सम्मान के साथ मोहनलाल का नाम उन महान कलाकारों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्हें भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड मिला है।