एक पखवाड़े में PM मोदी का दूसरा ओडिशा दौरा, 4500 करोड़ रुपए की दी सौगात

Saturday, Jan 05, 2019 - 06:23 PM (IST)

बारिपदाः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में शनिवार को 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई केंद्रीय परियोजनाओं की शुरुआत की। प्रधानमंत्री की एक पखवाड़े के भीतर ओडिशा की यह दूसरी यात्रा रही। उन्होंने 24 दिसंबर को भुवनेश्वर में कुछ परियोजनाओं की शुरुआत की थी और ऐतिहासिक खुर्दा शहर के पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को संबोधित किया था।

प्रधानमंत्री ने इन परियोजनाओं को ओडिशा के लोगों के लिये नये साल का नया तोहफा बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया साल 2019 में राज्य को तेज विकास के पथ पर ले जाएगा। आज जिन परियोजना कार्यों की शुरूआत की गयी वे राजमार्ग एवं परिवहन, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, रेलवे, संस्कृति, पर्यटन और पासपोर्ट सेवाओं से संबंधित हैं। इनमें ओडिशा में तीन मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों को चार लेन का बनाया जाना, एक मुख्य एलपीजी पाइपलाइन का शिलान्यास करना तथा एक प्रमुख रेलवे मार्ग का दोहरीकरण किया जाना शामिल है।

मोदी ने एक मार्ग पर एक नयी सवारी रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने बालासोर में बहुमॉडल आधारित लॉजिस्टिक केंद्र का उद्घाटन किया।  प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक हरिपुरगढ़ में संरक्षण की एक परियोजना की भी शुरुआत की। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये भदरक, कटक, जाजपुर, असका, क्योंझर और धेनकनाल के डाकघरों में पासपोर्ट सेवा केंद्रों का उद्घाटन भी किया।

अधिकारियों ने कहा कि अभी लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के लिये भुवनेश्वर जाना पड़ता है। विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत, शिलान्यास तथा उद्घाटन ऐसे समय हुआ है जब कुछ महीने बाद आम चुनाव के साथ साथ ओडिशा विधानसभा के चुनाव भी होने वाले हैं। मोदी ने ओडिशा की 24 दिसंबर की यात्रा में भी 14,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की थी। 

Yaspal

Advertising