कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि 26/11 हमले के बाद जवाबी सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था : मोदी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 08, 2025 - 06:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को जवाबी सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था। मोदी ने कहा, ‘‘एक कांग्रेस नेता, जो केंद्रीय गृह मंत्री भी रह चुके हैं, ने कहा है कि एक देश ने 2008 में 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को जवाबी सैन्य कार्रवाई से रोका था। पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए।'' प्रधानमंत्री मुंबई के पास नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
ये भी पढ़ें- Bumper Discounts on Cars: कार खरीदने पर मिलेगा 'डबल बेनिफिट' यानि की GST कट + फेस्टिव बोनस! जल्दी से करें चेक
मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस की इस कमजोरी ने आतंकवादियों को मजबूत किया।'' उन्होंने कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को जवाबी सैन्य कार्रवाई करने से किसने रोका था। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘हमारे लिए, हमारे देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है।''
ये भी पढ़ें- Diwali gift! HDFC बैंक ने घटाई ब्याज दरें, अब कम होंगी आपकी Loan EMI
मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य इस दशक के अंत तक भारत को वैश्विक विमानन क्षेत्र का रखरखाव और मरम्मत का केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि ‘उड़ान' योजना की बदौलत पिछले एक दशक में लाखों लोगों ने पहली बार हवाई यात्राा की है और अपने सपने पूरे किए हैं। मोदी ने कहा कि 2014 में भारत में केवल 74 हवाई अड्डे थे, लेकिन अब 160 से ज्यादा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का दृष्टिकोण ‘गति और प्रगति' पर आधारित है।