रविवार को होगा मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल, कई नए चेहरे होंगे शामिल

Friday, Sep 01, 2017 - 09:49 PM (IST)

नई दिल्ली: मोदी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित फेरबदल रविवार को होगा जिसमें करीब एक दर्जन मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। रविवार को सुबह दस बजे होने वाले इस फेरबदल में कई नए चेहरे शामिल हो सकते हैं जिसमें भाजपा के सहयोगी दलों से कुछ चेहरों को स्थान दिए जाने की उम्मीद है। मई 2014 में मोदी सरकार के केंद्र में सत्ता संभालने के बाद यह मंत्रिमंडल में तीसरा फेरबदल होगा। साल 2019 में होने वाले अगले लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल में होने वाले इस फेरबदल को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे कामकाज और जमीनी राजनीति के बीच संतुलन स्थापित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। 


अधिकारी ने कहा, ‘‘रविवार को प्रात: करीब दस बजे राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रक्रिया तैयारी शुरु हो गई है।’’ मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल से पहले चार मंत्री राजीव प्रताप रुडी, संजीव कुमार बालियान, फग्गन सिंह कुलस्ते और महेंद्र नाथ पांडे इस्तीफा दे चुके हैं। समझा जाता है कि श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने भी इस्तीफा दिया है। इनसे इस्तीफा देने को कहा गया था। भाजपा सूत्रों ने बताया कि इनके इलावा दो कैबिनेट मंत्रियों की ओर से भी इस्तीफे की पेशकश करने की बात सामने आई है जिनमें उमा भारती और कलराज मिश्र के नाम की चर्चा है। 


सूत्रों ने बताया कि मिश्र ने मोदी से मुलाकात की और इस्तीफे की पेशकश की। उमा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘कल से चल रही मेरे इस्तीफे की खबरों पर मीडिया ने प्रतिक्रिया पूछी। इस पर मैंने कहा कि मैंने ये सवाल सुना ही नहीं, न सुनूंगी, न जवाब दूंगी।’’  अपने अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘इस बारे में या तो राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह या अध्यक्ष जी जिसको नामित करे, वही बोल सकते है। मेरा इस पर बोलने का अधिकार नही है।


‘अरूण जेटली के पास इस समय वित्त और रक्षा मंत्रालय है। सूत्रों ने बताया कि उनके पास एक मंत्रालय ही रह सकता है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का नाम ऐसे मंत्रियों में लिया जा रहा है, जिनका कामकाज काफी अच्छा है। ऐसे में उन्हें अधिक जिम्मेदारी दी जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने रेल दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की पेशकश की थी, ऐसे में उन्हें दूसरा मंत्रालय दिया जा सकता है। 


 

Advertising