तेलगू सुपरस्टार पवन कल्याण ने मोदी और जेटली पर साधा निशाना

Sunday, Aug 28, 2016 - 01:46 AM (IST)

तिरपति: तेलुगू फिल्म स्टार एवं जन सेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण ने शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार को चेतावनी दी कि वह आंध्र प्रदेश के लोगों के ‘धैर्य एवं सहिष्णुता’ की और परीक्षा न लें। उन्होंने मांग की कि वादा किया गया विशेष दर्जा तुरंत प्रदान किया जाए। कल्याण ने जोर देकर कहा कि हम थक गए हैं और परेशान हो गए हैं। कृपया हमारे धैर्य की परीक्षा नहीं लें और असहिष्णुता नहीं उत्पन्न करें। 

विशेष दर्जा हमारा अधिकार है और हम लेकर रहेंगे
उन्होंने कहा कि विशेष दर्जा हमारा अधिकार है और इसे किसी भी कीमत पर प्रदान किया जाना चाहिए।  उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाया कि वह गोरक्षा के नाम पर विशेष दर्जा के मुद्दे को भटका रहा है। कल्याण यहीं नहीं थमें आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 के लोकसभा चुनाव अभियान के दौरान कहा था कि कांग्रेस ने मां ‘आंध्र प्रदेश’ की हत्या की और एक नये बच्चे ‘तेलंगाना’ को जन्म दिया। अब आप मां का अंतिम संस्कार करने का प्रयास कर रहे हैं।
 
वेकैया नायडू पर भी बोला हमला
उन्होंने कहा कि मैं आपका सम्मान करता हूं लेकिन उतना भी नहीं कि मैं सीमांध्र के लोगों के स्वाभिमान को गिरवी रख दूं। उन्होंने जेटली और नायडू पर विशेष दर्जा पर विरोधाभासी दावों को लेकर हमला बोला और कहा कि जेटली कहते हैं कि गत दो वर्षों में आंध्र प्रदेश को कई वित्तीय अनुदान जारी किए गए जबकि वंेकैया नायडू कहते हैं कि विशेष दर्जा कोई रामबाण नहीं है। हम इन सबसे थक गए हैं।
 
भाजपा में शामिल होने से मैंने साफ मना कर दिया था- कल्याण
उन्होंने कहा कि मैं नरेंद्र मोदी के शपथग्रहण समारोह में शामिल हुआ था। उनके प्रधानमंत्री बनने के कुछ महीने बाद भाजपा अध्यक्ष हैदराबाद आये और हमारी मुलाकात हुई। भाजपा अध्यक्ष ने मुझसे कहा कि क्षेत्रीय दलों का कोई भविष्य नहीं है और इसलिए वह चाहते थे कि मैं भाजपा में शामिल हो जाऊं। मैंने उनसे स्पष्ट रूप से कहा कि जनसेना की स्थापना तेलुगू लोगों के लिए हुई है। यद्यपि यह एक क्षेत्रीय पार्टी है लेकिन इसका दृष्टिकोण राष्ट्रवादी है। कल्याण की जुबान यद्यपि फिसल गई और उन्होंने अमित शाह को सतीश शाह कहा। 
Advertising