नए BJP मुख्यालय के उद्घाटन पर डोर खींचते रहे मोदी-आडवाणी, बीच में ही फंस गया पर्दा

Sunday, Feb 18, 2018 - 01:59 PM (IST)

नई दिल्लीः राजधानी के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बने भाजपा के हाईटेक मुख्यालय के उद्घाटन के साथ ही करीब 34 साल बाद पार्टी का पता आज से बदल गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलापट्ट का अनावरण किए जाने के साथ ही भाजपा मुख्यालय का पता 11 अशोक रोड से बदलकर अब 6-ए दीनदयाल उपाध्याय हो गया। वहीं मोदी जब कार्यालय का उद्घाटन करने लगे तो कुछ समय के लिए अजीब स्थिति से सब परेशान हो गए। मोदी के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी भी थे। जैसे ही मोदी और आडवाणी ने शिलापट पर लगा पर्दा हटाने के लिए डोर को खींचना शुरू किया। तो पर्दा थोड़ा-सा सरका लेकिन बीच में ही फंस गया।

इसके बाद मोदी, आडवाणी सहित गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी ने  डोर को थोड़ा और जोर से खींचा लेकिन पर्दा टस से मस नहीं हुआ। ऐसी स्थिति में राजनाथ सिंह आगे हुए और पर्दे को हाथ से ही हटा दिया। उल्लेखनीय है कि करीब 34 साल बाद भाजपा ने अपना पता बदला है। जल्द ही भाजपा के पुराने दफ्तर 11 अशोक रोड को खाली कर दिया जाएगा और पार्टी नए दफ्तर में शिफ्ट हो जाएगी।

Advertising