Delhi Rain Alert: दिल्ली में आज दिनभर छाए रहेंगे बादल, मध्यम बारिश की संभावना
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 10:44 AM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.1 डिग्री अधिक है। दो जुलाई, 2024 के बाद यह इस महीने का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा। तब शहर में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत रही। अन्य मौसम केंद्रों की बात करें तो लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। पालम में 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, आया नगर में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था।
दूसरी ओर, रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान केवल रिज मौसम केंद्र पर ही वर्षा दर्ज की गई, जहां 6.4 मिमी बारिश हुई। वहीं, इस अवधि में सफदरजंग, पालम, लोधी रोड और आया नगर मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं की गई। आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 110 दर्ज किया गया। इसके साथ ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में बनी रही। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
