प्रियंका गांधी को स्कूटी पर बिठा पहुंचे थे विधायक धीरज गुर्जर, कटा 6100 का चालान

Sunday, Dec 29, 2019 - 08:40 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पीछे बैठाकर स्कूटी चला रहे कांग्रेस कार्यकर्ता का लखनऊ पुलिस ने चालान काट दिया है। लखनऊ पुलिस ने 6100 रुपए का जुर्माना लगाया है। शनिवार को प्रियंका गांधी लखनऊ में रिटायर्ड आईपीएस अफसर एसआर दारापुरी के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंची थीं।

बता दें कि प्रियंका गांधी शनिवार को दारापुरी के परिजनों से मिलने जा रही थीं लेकिन लोहिया पार्क पर पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। जिस पर प्रियंका ने अपनी गाड़ी छोड़ दी और पैदल आगे बढ़ गईं। उनके साथ मौजूद कांग्रेसी भी पीछे-पीछे चल दिए।

करीब 150 मीटर चलते हुए वह हाईकोर्ट के पुल पर पहुंची तो एक कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूटी लेकर आ गया। प्रियंका झट से उसकी स्कूटी पर बैठ गईं और आगे चलने को कहा। कार्यकर्ता उन्हें स्कूटी पर बैठाकर फर्राटा भरने लगा। उधर, पुलिस के पसीने छूट गए। एएसपी ट्रैफिक पूर्णेंदु सिंह और एएसपी क्राइम दिनेश पुरी अवाक रह गए।

ट्रैफिक पुलिस ने पांच आरोपों में चालान काटा है। इनमें बिना हेल्मेट के दोपहिया वाहन चलाने, यातायात नियम का उल्लंघन करने, नंबर प्लेट या फैकल्टी नंबर प्लेट नहीं होने, खतरनाक रूप से वाहन चलाने और बिना लाइसेंस के वाहन चलाने के आरोप शामिल हैं। पुलिस ने मोटर वीइकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 6100 रुपये का चालान काटा है।

Yaspal

Advertising