मिजोरम: विधानसभा की 40 सीटों पर मतदान खत्म, उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद

Wednesday, Nov 28, 2018 - 04:04 PM (IST)

आइजोल: मिजोरम में विधानसभा की 40 सीटों के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हुई थी। वर्ष 1987 में राज्य घोषित होने के बाद आठवीं बार राज्य में विधानसभा चुनाव हुए। एक अधिकारी ने बताया कि 42 वीवीपैट मशीनों, 19 नियंत्रण इकाइयों तथा 25 मतदान इकाइयों में गड़बड़ी की शिकायतों के कारण कुछ स्थानों पर मतदान में विलंब हुआ।

इसके अलावा चुनाव शांतिपूर्ण ही रहा। वर्ष 2008 से सत्तारूढ़ कांग्रेस तीसरे कार्यकाल की तैयारी में है। प्रमुख विपक्षी एवं केंद्र सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) राज्य की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं जबकि राज्य में कभी भी एक भी सीट नहीं जीतने वाली भाजपा ने 39 सीटों पर चुनाव लड़ा। भाजपा पूर्वोत्तर के आखिरी गढ़ में कांग्रेस को शिकस्त देने के लिए जोर आजमाइश में लगी है।
1987 में एक पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद से मिजोरम में कांग्रेस और मिजोरम नेशनल पार्टी (एमएनएफ) सत्ता में है। दिलचस्प यह है कि तब से लेकर आज तक कोई भी पार्टी राज्य में दो बार से अधिक सरकार नहीं बना सकी है। मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है। पूर्वोत्तर का यह एकमात्र राज्य है जहां भाजपा की सरकार नहीं है। राज्य की आबादी करीब 10 लाख है। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 34 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि मुख्य विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के खाते में पांच और मिजोरम पीपुल्स कांफ्रेंस की झोली में एक सीट आई थी। मुख्यमंत्री लल थनहवला दो सीटों-सर्चिप और चंपाई दक्षिण से चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।​​​​​​​

Seema Sharma

Advertising