मिशन गगनयान: जानें कैसा रहेगा अतंरिक्ष यात्रियों का सफर, खाने में मिलेगी इडली और हलवा

Tuesday, Jan 07, 2020 - 01:47 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश के मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान' के लिए इसरो तैयारियों में जुट गया है। गगनयान से अंतरिक्ष यात्रा पर जाने के लिए चार भारतीय ट्रेनिंग लेने जल्द ही रूस जाने वाले हैं। ट्रेनिंग के लिए चयनित भारतीय वायुसेना के इन टेस्टिंग पायलट्स के लिए खाने-पीने का सामान भी तैयार कर लिया गया है। मैसूर स्थित डिफेंस फूड रिसर्च लैबरेटरी ने विशेष वैज्ञानिक प्रक्रिया से भोजन और पीने का पदार्थ तैयार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन गगनयान के लिए साल 2022 की डेडलाइन तय की है जिसके तहत इसरो अभी से तैयारियों में जुट गया है। पीएम मोदी ने 15 अगस्त, 2018 को मिशन गगनयान की घोषणा लाल किले से की थी। उन्होंने ऐलान करते हुए कहा था कि भारत 2022 में अपने किसी बेटे या बेटी को अंतरिक्ष में भेजेगा।

मिशन गगनयान के दौरान अंतरिक्ष में ये खाएंगे यात्री
फूड मेन्यू के मुताबिक, गगनयान में सवार होकर अंतरिक्ष यात्रा पर जाने वाले भारतीय गगनयात्रियों को एग रोल्स, वेज रोल्स, इडली, मूंग दाल का हलवा और वेज पुलाव दिए जाएंगे। वहीं तरल पदार्थ के रूप में गगनयात्री अंतरिक्ष में अपने साथ पानी और जूस ले जाएंगे।

गगनयान में खाना गर्म करने की भी सुविधा
गगनयान में यात्रियों के लिए खाना गर्म करके खाने की भी सुविधा होगी। यात्रियों के लिए गगनयान में हीटर उपलब्ध होगा। चूंकि स्पेस में पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण क्षमता क्षीण हो जाती है, इसलिए गगनयान में विशेष तरह के बर्तन भी तैयार किए गए हैं जिनमें अंतरिक्ष यात्रियों के लिए खाने-पानी की वस्तुएं रखी होंगी। बता दें कि हाल ही में इसरो के चेयरमैन के. सिवन ने बताया था कि चार अंतरिक्ष यात्रियों का चयन किया जा चुका है जो मिशन गगनयान का हिस्सा होंगे और जल्द ही रूस में ट्रेनिंग लेंगे।

Seema Sharma

Advertising