नाबालिग प्रेमी जोड़े ने नहर में लगाई छलांग, लड़की बची, लड़के की मौत
Sunday, Sep 08, 2019 - 04:55 AM (IST)
नई दिल्ली: एक युवक और किशोरी ने शुक्रवार शाम आगरा नहर में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद ही 16 साल की लड़की को नहर से बाहर निकाल लिया गया। जबकि युवक का शव शनिवार दोपहर को फरीदाबाद में मिला। मृतक की पहचान पंकज (18) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पल्ला के रहने वाला था। नहर में छलांग लगाने से पहले दोनों ने ही अपने परिजनों को कॉल कर जानकारी दी। फिलहाल जैतपुर थाना पुलिस जांच में जुटी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की सूरजकुंड फरीदाबाद में परिवार के साथ रहती है। वह ओपन से दसवीं की पढ़ाई कर रही है, जबकि पंकज भी इसी कक्षा का छात्र था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। यह बात परिजनों को पता चली तो उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए समझाया। लेकिन वे एक-दूसरे से बिछडऩे को तैयार नहीं थे। शुक्रवार को पंकज इस लड़की को लेकर हरियाणा से दिल्ली के मोलड बंद एरिया में अपनी बहन के घर लेकर आ गया।
पंकज की बहन ने दोनों को एक साथ देख लड़की के परिवार को कॉल कर खबर कर दी। लड़की के पिता ने उसे घर भेजने के लिए कहा। इस बीच पंकज और वह लड़की घर से निकल गए। दोनों के चले जाने के बाद पंकज की बहन भी पीछे गई। आगरा नहर पर पहुंचने के बाद पंकज ने बहन को कॉल कर दिया। कहा कि अब उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है, वे एक- दूसरे के बिना नहीं रह सकते। बहन ने उसे समझाया और धैर्य से काम लेने की बात कही। इस बीच लड़की ने भी अपने घर जान देने की बात कह दी।
ये दोनों जैसे ही नहर में हाथ पकड़कर कूदे, तभी पंकज की बहन मौके पर पहुंच गई। उसने शोर मचा दिया। लोग एकत्रित हो गए, जिन्होंने इस लड़की को समय रहते बाहर निकाल लिया। यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। लड़की को अस्पताल भेजा गया। रात में ही पंकज की खोजबीन की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। शनिवार दोपहर पंकज के शव को गोताखोरों की टीम ने फरीदाबाद से बरामद कर लिया। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।