गोवा चुनाव से पहले भाजपा को झटका- माइकल लोबो ने मंत्री के पद से दिया इस्तीफा दिया, BJP भी छोड़ी

punjabkesari.in Monday, Jan 10, 2022 - 12:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गोवा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। राज्य के कैबिनेट मंत्री व विधायक माइकल लोबो ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है और उन्होंने मंत्री पद के साथ ही विधायक पद से भी त्यागपत्र दे दिया है। अब तक, केलनगुटे विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे लोबो ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) एवं गोवा विधानसभा के अध्यक्ष को अपना त्यागपत्र सौंपा है। राज्य अपशिष्ट प्रबंधन विभाग का प्रभार संभाल रहे लोबो ने मीडिया से कहा कि मैंने दोनों पदों से इस्तीफा दे दिया है। मैं देखूंगा कि आगे मुझे क्या कदम उठाने हैं। मैंने भाजपा से भी इस्तीफा दे दिया है।”

 

कांग्रेस में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर लोबो ने कहा कि उनकी अन्य राजनीतिक दलों से बातचीत चल रही है। उन्होंने दावा किया कि लोग तटीय राज्य में भाजपा के शासन से नाखुश हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने मुझे बताया कि भाजपा अब आम लोगों की पार्टी नहीं रही उन्होंने यह भी दावा किया कि जमीनी स्तर के कार्यकर्त्ताओं के मन में पार्टी द्वारा नजरअंदाज किए जाने की भावना है।

 

पार्टी छोड़ने के बाद लोबो ने आरोप लगाया कि भाजपा पूर्व सीएम दिवंगत मनोहर पर्रिकर की विरासत को भूल गई है और उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को हाशिये पर कर दिया गया है। इस्तीफा देने के बाद लोबो ने उम्मीद जताई कि गोवा के कलंगट विधान सभा क्षेत्र की जनता मेरे इस फैसले का सम्मान करेंगे। बता दें कि गोवा विधानसभा की सभी 40 सीटों पर चुनाव 14 फरवरी को होंगे। गोवा के सियासी घमासान में इस बार मुकाबला भाजपा, कांग्रेस, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP), महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (MGP), आम आदमी पार्टी (AAP), तृणमूल कांग्रेस पार्टी (TMC) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मुख्य राजनीतिक दलों के बीच है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News