आज से दिल्ली-नजफगढ़ रूट पर दौड़ेगी मेट्रो (पढ़ें 4 अक्टूबर की खास खबरें)

Friday, Oct 04, 2019 - 05:29 AM (IST)

नई दिल्ली/जालंधर (वेब डेस्क): देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) आज 50,000 से अधिक यात्रियों का ग्रे लाइन रूट पर द्वारका से नजफगढ़ तक सफर का तोहफा देने जा रहा है। आज दोपहर मेट्रो भवन से केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ग्रे लाइन का विधिवत उद्घाटन करेंगे और फिर शाम पांच बजे से यात्री इस रूट पर सफर कर सकेंगे।

सुप्रीम कोर्ट में पी चिदंबरम की जमानत पर सुनवाई आज
दिल्ली की एक अदालत ने आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को बृहस्पतिवार को कोई राहत नहीं देते हुए 17 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। चिदंबरम ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर उच्चतम न्यायालय का रुख किया है और उनकी जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी। 

आज से पटरी पर दौड़ेगी देश की पहली निजी ट्रेन
लखनऊ से दिल्ली यात्रा करने वाले यात्रियों के आज से नया तोहफा मिलने जा रहा है। दरअसल, देश की पहली निजीकरण रेल तेजस एक्सप्रेस आज को आज लखनऊ से हरी झंडी दिखाई जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री पीयूष गोयल इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। बता दें कि इस ट्रेन का संचालन IRCTC करेगी।

आरबीआई कर सकता है बड़ा ऐलान
अर्थव्यवस्था को गति देने के प्रयासों के क्रम में रिजर्व बैंक (आरबीआई) आज अपनी प्रमुख नीतिगत दर में लगातार पांचवीं बार कमी का एलान कर सकता है। हालांकि आरबीआई के लिए राहत की बात यह है कि महंगाई भी लक्ष्य के भीतर बनी हुई है। केंद्रीय बैंक खुदरा महंगाई को ध्यान में रखते हुए प्रमुख नीतिगत दरों पर फैसला लेता है। इसकी घोषणा आज सुबह 11.45 बजे की जाएगी।
 

 

Yaspal

Advertising