मुंबई में आफत: मौसम विभाग ने आज भी जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Saturday, Jun 29, 2019 - 10:22 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में मानसूनी बरसात अपने साथ आफत लेकर आई है। भारी बारिश के चलते हुई घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में शनिवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। 



मुंबई में पिछले 45 वर्षों में सबसे अधिक देरी से इस बार मानसून पहुंचा है। मुंबईवासी जब शुक्रवार सुबह जगे तब भारी बारिश उन्हें नजर आयी। लेकिन कुछ घंटों की बारिश से उन्हें जलभराव, ट्रेनों की देरी, यातायात जाम जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।  दादर, वडाला, वर्ली, कुर्ला, चेंबूर, बांद्रा, अंधेरी, कांदिवली, विक्रोली, कंजुरमार्ग और भांडुप जैसे इलाकों से जलभराव की सूचना मिली। 


महाराष्ट्र के पालघर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी जबकि अकोला में दो किसानों की मौत हो गयी। नासिक जिले में बारिश जनित घटनाओं में एक किशोर लड़की समेत दो लोगों की मौत हो गयी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मुंबई की जीवनरेखा मानी जानी वाली उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बारिश की वजह से 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं। 


वहीं इस बीच भारी बारिश ने निकाय अधिकारियों की मुश्किलें कम कर दी है। उन्होंने कहा कि बारिश होने से महानगर में पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों के जल भंडार को बढ़ाने में मदद मिलेगी। मॉनसून का मिजाज बदलता रहा था, इसलिए नगर निगम प्रशासन को मुंबईकरों की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी झीलों से पानी के आरक्षित भंडार का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

vasudha

Advertising