दिल्ली में पारा 45° के पार, रेड अलर्ट जारी व लू लगने से तेलंगाना में 17 लोगों की मौत

Friday, May 31, 2019 - 03:35 PM (IST)

नई दिल्लीः पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। दिल्ली का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘रेड कलर' चेतावनी जारी की है। दिल्ली में पारा 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पालवत ने ट्वीट करके जानकारी दी कि दिल्ली के पालम में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मई महीने में 2013 के बाद दर्ज किया गया यह अधिकतम तापमान है, अब तक मई महीने में 26 मई 1998 को अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। देश के कई हिस्सों में गर्म हवाएं जचल रही है। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 48 जिग्री तक पहुंच गया।

ये हैं 4 कलर कोड
मौसम विभाग के चार ‘कलर कोड' हैं: हरा, पीला, सुनहरा और लाल। हरा रंग सामान्य स्थिति जबकि लाल रंग मौसम की चरम स्थिति को दर्शाता है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘रेड कोड' चेतावनी जारी की गई है।


लू लगने से 17 लोगों की मौत
दक्षिण भारत के तेलंगाना के कई हिस्से एक महीने से लू की चपेट में हैं। तेलंगाना में भीषण गर्मी और लू से 22 दिन में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। तेलंगाना के दिलाबाद शहर में तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने तेलंगाना में अगले तीन दिनों तक तेज लू चलने की चेतावनी जारी की है।


इन राज्यों में भी लू का कहर जारी
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं महाराष्ट्र के नागपुर और चंद्रपुर में भीषण गर्मी पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश के ऊना का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है तो वहीं जम्मू में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लू का प्रकोप अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा। गर्मी के चलते पानी की किल्लत भी बढ़ गई है। पंजाब के कई शहरों में पानी न आने से लोग परेशान है।

Seema Sharma

Advertising