दिल्ली में आज पारा जा सकता है 40° पार, भीषण गर्मी के साथ अगले 4-5 दिन में चलेगी लू

Thursday, May 21, 2020 - 08:02 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में वीरवार से तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच सकता है। इससे पहले बुधवार को अधिकतम 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया कि अगले चार से पांच दिन में उत्तरपश्चिम भारत में शुष्क और लू चलेगी।

महेश ने कहा कि मानसून से पहले की कोई गतिविधि नहीं होगी और तापमान का बढ़ना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि ताजा पश्चिम  विक्षोभ इस क्षेत्र में पहुंच रहा है लेकिन इसका मैदानी इलाकों में कोई बड़ा असर नहीं होगा। व्यापक क्षेत्रों में जब तापमान लगातार दो दिन तक 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाता है तो उसे लू चलना घोषित किया जाता है, वहीं अगर लगातार दो दिन तक तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए तो उसे गंभीर लू वाली श्रेणी में रखा जाता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी जैसे छोटे क्षेत्रों में अगर तापमान एक दिन के लिए भी 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाए तो लू चलना घोषित किया जाता है।

Seema Sharma

Advertising