राज्यपाल से मिली महबूबा, जरूरी मुद्दों पर की चर्चा

Wednesday, Sep 06, 2017 - 07:54 PM (IST)

श्रीनगर : हाल ही में नैशनल कांफ्रैंस (नैकां) के अध्यक्ष डॉ फारुक अब्दुल्ला के नेतृत्व में विभिन्न विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा राज्यपाल एन.एन. वोहरा के समक्ष विधानसभा के विशेष सत्र को बुलाने सहित उठाए गए कई मुद्दों की पृष्ठभूमि में बुधवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने राज्यपाल एन.एन. वोहरा से मुलाकात की। बता दें कि विपक्षी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को जम्मू में बजट सत्र के बीच लंबी अवधि और शरद ऋतु सत्र को अभी तक नहीं बुलाए जाने के बारे में जानकारी दी थी। जून-जुलाई सत्र मात्र तीन दिनों के लिए था और वह भी खासतौर से जी.एस.टी. की शुरुआत के लिए था। इसलिए इसे पूर्णकालिक सत्र के रुप में वर्गीकृत नहीं किया जा सकता है।


वहीं, विपक्ष को सुनने के बाद राज्यपाल ने कहा था कि वह प्रतिनिधिमंडल की मागों को जल्द मुख्यमंत्री के साथ चर्चा करेंगें। इस दौरान मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज यहां राजभवन में राज्यपाल एन एन वोहरा से मुलाकात की। एक घंटा लंबी चर्चा के दौरान राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने राज्य, आंतरिक व बाहरी सुरक्षा की स्थिति के विकास, पुलिस कर्मियों पर लगातार हमलों, ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों की समय सारिणी, डल झील की सफाई से संबंधित सभी प्रमुख मुद्दों और विभिन्न अन्य मामलों की समीक्षा की।


राज्यपाल ने प्रशासनिक व्यवस्था के पारदर्शी और जवाबदेह कामकाज सुनिश्चित करने, अक्षम और भ्रष्ट तत्वों के उन्मूलन और युवाओं के हितों की देखभाल करने की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर बल दिया।

 

Advertising