MCD चुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी...अब तक 18% मतदान

Sunday, Dec 04, 2022 - 01:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली नगर निगम (MCD)के चुनाव में रविवार दोपहर 12 बजे तक 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। MCD चुनाव में रविवार को वोट डालने वाले नेताओं में भाजपा नेता हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय, कांग्रेस नेता अजय माकन और अलका लांबा शामिल हैं। सभी नेताओं ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।

 

डॉ. हर्षवर्धन ने मतदान करने के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और यहां तक कि दिल्ली ने भी पिछले 15 सालों में भाजपा के काम को देखा है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने वोट डाला है और दिल्लीवासियों से भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के लिए वोट डालने की अपील भी की है।

 

MCD के 250 वार्ड के लिए मतदान हो रहा है जो साढ़े पांच बजे खत्म हो जाएगा। मतगणना 7 दिसंबर को होगी। MCD चुनाव के लिए 709 महिलाओं और 640 पुरुष उम्मीदवारों सहित कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है।

Seema Sharma

Advertising