मोदी के नाम पर नगर निगम के भ्रष्टाचार को छुपा रही भाजपा: केजरीवाल

Friday, Apr 21, 2017 - 03:58 PM (IST)

 नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर निगम चुनाव में व्याप्त भ्रष्टाचार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की आड़ में छुपा रही है। 

जनता को भाजपा से पूरी तरह नाउम्मीद हो गई है
आगामी रविवार को तीनों नगर निगम के लिए मतदान होना है। केजरीवाल ने चुनाव में भाजपा की यह रणनीति कारगर साबित नहीं होने का दावा करते हुए कहा कि पूरी दिल्ली में साल भर फैली रहने वाली गंदगी से जनित बीमारियों और अन्य परेशानियों से त्रस्त जनता को भाजपा से पूरी तरह नाउम्मीद हो गई है। एेसे में भाजपा के पास अब सिर्फ मोदी के नाम का ही सहारा है जिसकी आड़ में इन परेशानियों को वह छुपाने की कोशिश कर रही है। 

भाजपा ने नगर निगम को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया
उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि मोदी जी नगर निगम की हालत को कैसे सुधारेंगे, क्योंकि नगर निगम का काम मोदी जी को नहीं करना है बल्कि यह काम भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य स्थानीय नेताओं को करना है। केजरीवाल ने कहा कि जाहिर तौर पर पिछले दस साल में भाजपा ने नगर निगम को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। 
 

Advertising